हरिद्वार – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी पर गंगा पूजन एवं आरती की।
मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ माँ गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माँ गंगा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण किया है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर सीएम धामी ने माँ गंगा का आशीर्वाद लेते हुए राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक से पूर्व कैबिनेट मंत्रियों के साथ इस गंगा पूजन एवं आरती में प्रतिभाग किया। हरिद्वार में गंगा तट पर स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है।

