नई टिहरी: टिहरी के श्रमिकों के लिए अब विदेश में नौकरी का सुनहरा मौका आ गया है। अगर आपके पास श्रमिक कार्ड है और आप राजमिस्त्री, शटरिंग कारपेंटर या स्टील फिक्सर का काम जानते हैं, तो अब आपको रोजगार के लिए दिल्ली-देहरादून भटकने की जरूरत नहीं है।
उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से टिहरी के श्रमिकों को विदेश में नौकरी पर भेजा जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
पद महीने की सैलरी
शटरिंग कारपेंटर ₹40,000
राजमिस्त्री (Mason) ₹40,000
स्टील फिक्सर ₹40,000
हेल्पर ₹32,500
इसमें भी सबसे बड़ी बात ये है कि सैलरी के अलावा हवाई टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था बिल्कुल फ्री मिलेगी।
काम के नियम क्या होंगे?
- अनुबंध: 2 साल का होगा, लेकिन कम से कम 1 साल काम करना जरूरी होगा।
- ड्यूटी: रोज 9 घंटे काम + 1 घंटा ब्रेक।
- ओवरटाइम: ज्यादा काम करोगे तो अलग से ओवरटाइम का पैसा भी मिलेगा।
- खाना: खाने का खर्च श्रमिक को खुद उठाना होगा। बाकी रहना, आना-जाना सब फ्री।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी आयशा खान के अनुसार, ये योजना खासकर उन श्रमिकों के लिए है जो हुनरमंद हैं लेकिन उन्हें सही मेहनताना नहीं मिल पाता। अब उनका हुनर विदेश में चमकेगा।
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक श्रमिक कार्ड धारक श्रम प्रवर्तन कार्यालय, नई टिहरी में जाकर पूरी जानकारी ले सकते हैं। वहीं से आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
टिहरी के निर्माण क्षेत्र से जुड़े हजारों श्रमिकों के लिए ये सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति बदलने का मौका है।

