घनसाली, टिहरी गढ़वाल – उत्तराखंड की क्षेत्रीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) में चल रही आपसी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। टिहरी जनपद के घनसाली से UKD को बड़ा झटका लगा है।
जिला पंचायत वार्ड-31 चकरेड़ा (नैलचामी) से सदस्य अनुज लाल शाह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष को भेज दिया है।
त्यागपत्र में क्या लिखा?
अपने त्यागपत्र में अनुज शाह ने लिखा है कि उन्होंने उत्तराखंडियत की भावना और स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी जी के विचारों से प्रेरित होकर पूर्ण निष्ठा और उत्साह के साथ उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की थी।

लेकिन वर्तमान में दल के भीतर व्याप्त आपसी गुटबाजी तथा UKD एवं UKDD के मध्य चल रहे आपसी संघर्ष से मैं अत्यंत व्यथित एवं निराश हूँ। इन परिस्थितियों ने मेरे जैसे निस्वार्थ भाव से दल से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत किया है।
अत्यंत खेद के साथ उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र प्रस्तुत किया है।
कौन हैं अनुज लाल शाह?
अनुज लाल शाह भिलंगना क्षेत्र के सक्रिय युवा जनप्रतिनिधि माने जाते हैं। ग्राम होल्टा (थोलधार), पट्टी भिलंगना, तहसील घनसाली के रहने वाले अनुज शाह की क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनका यह इस्तीफा पंचायत चुनावों से पहले UKD के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उत्तराखंड क्रांति दल दो धड़ों – UKD और UKDD में बंटा हुआ है, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। अनुज शाह का इस्तीफा उसी नाराजगी का नतीजा है। वहीं बताया जा रहा है कि घनसाली में भी यूकेडी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है, अनुज शाह को 2027 में यूकेडी का संभावित प्रत्याशी माना जा रहा था, लेकिन उससे पहले उनका त्यागपत्र ने सबको चौंका दिया है।
क्या भाजपा का दामन थामेंगे अनुज..?
राजनैतिक विश्लेषकों का कहना है कि टिहरी में आने वाले समय में डीपीसी मेंबर के चुनाव हैं जिमें भिलंगना से भी तीन डीपीसी मेंबर चुने जाने हैं, यूकेडी से अनुज शाह का इस्तीफा कुछ लोग इसी चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं…

