रुद्रप्रयाग के इस गांव में बड़ा फैसला: शादी-ब्याह में शराब परोसने पर पूरी तरह बैन, उल्लंघन पर ₹21 हजार जुर्माना


रुद्रप्रयाग के त्यूँखर गांव में बड़ा सामाजिक फैसला, शादी-समारोहों में शराब परोसने पर रोक

रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली ब्लॉक स्थित दूरस्थ गांव त्यूँखर में सामाजिक सुधार की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। गांव की महिला मंगल दल ने शादी-ब्याह और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने व बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। नियम तोड़ने वालों पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

10 मई को ग्राम प्रधान माधुरी बुटोला की अध्यक्षता में आयोजित आम बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में तय किया गया कि मेहंदी, विवाह समारोह या किसी भी सामूहिक कार्यक्रम में शराब पिलाने या अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला मंगल दल को निगरानी और जुर्माना वसूलने का अधिकार भी दिया गया है।

ग्राम प्रधान माधुरी बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिया बुटोला और महिला मंगल दल अध्यक्ष आशा देवी पवार ने कहा कि गांव में बढ़ते शराब प्रचलन से परिवार और युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए गांव को नशामुक्त और स्वस्थ समाज बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

बैठक में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, देव समिति, रामलीला कमेटी समेत करीब 80 ग्रामीण मौजूद रहे। गांव के इस फैसले की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।


By शैलेन्द्र सिंह रावत

पहाड़ी खबरनामा न्यूज पोर्टल के सम्पादक शैलेन्द्र सिंह रावत है, जो कि बीते 13 सालों से पत्रकारिता जगत से जुड़े हैं, शैलेन्द्र सिंह रावत ने ईटीवी, न्यूज18 व जैन टीवी में कई वर्षो तक एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाऐं दी, वर्ष 2018 में उनके द्वारा पहाड़ी खबरनामा न्यूज पोर्टल की नीव रखी गयी, जो कि न्यूज पोर्टल के साथ ही Facebook, YouTube, Twitter और Instagram जैसे अन्य डीजीटल प्लेटफार्म पर भी पहाड़ी खबरनामा के नाम से ही उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *