घनसाली में सहकारिता ऋण मेले में उमड़ी भीड़, 120 लोगों को मिले डेढ़ करोड़ से अधिक के ऋण


घनसाली (टिहरी गढ़वाल): घनसाली के श्रीराम होटल में बुधवार को टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक की ओर से सहकारिता ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय काश्तकारों और ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 120 से अधिक लाभार्थियों को डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शक्ति लाल शाह, सहकारिता निदेशक जयवीर मियां और जिला सहकारी बैंक के उपमहाप्रबंधक चिराग बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

किसानों को 5 लाख तक ब्याजमुक्त ऋण: विधायक

इस अवसर पर विधायक शक्ति लाल शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहकारिता के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। छोटे और बड़े किसानों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है, जिसका ब्याज सरकार स्वयं वहन करती है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती: सहकारिता निदेशक

सहकारिता निदेशक जयवीर मियां ने कहा कि किसानों और आम लोगों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

होमस्टे, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन के लिए मिला ऋण

जिला सहकारी बैंक के उपमहाप्रबंधक चिराग बिष्ट और वरिष्ठ शाखा प्रबंधक कुलदीप सकलानी ने बताया कि अल्पकालीन और मध्यकालीन ऋण योजनाओं के तहत 120 से अधिक लाभार्थियों को डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए हैं। इस धनराशि से काश्तकार होमस्टे, मुर्गी पालन, बागवानी और मधुमक्खी पालन जैसे स्वरोजगार शुरू कर सकेंगे।

ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने भी अपनी योजनाएं साझा कीं। उम्मेद सिंह होमस्टे निर्माण, अमित नौटियाल मुर्गी पालन एवं बागवानी और मोहनलाल मधुमक्खी पालन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करेंगे।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख प्यार सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट, खंड विकास अधिकारी विपिन सिंह, एडीओ अभिषेक चौहान, भाजपा नेता इंदु डंगवाल, रामकुमार कठैत, गोविंद बडोनी, हयात कंडारी, सतीश सेमवाल, विनय राणा, राजेंद्र परमार, कुशाल रावत, रुकम लाल राही, मोनिका सेमवाल, मनीषा शाह, प्रियंका कुमांई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय काश्तकार, लाभार्थी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *