घनसाली: इंटर कॉलेज बना धमातोली स्कूल! विकास से उत्साहित क्षेत्रवासी! विधायक जी को मिला चांदी का मुकुट


घनसाली, टिहरी गढ़वाल। आखिरकार भिलंगना के धमातोली स्कूल की किस्मत भी चमक ही गई। वर्षों तक हाईस्कूल की दहलीज पर अटका विद्यालय अब प्रमोशन पाकर राजकीय इंटर कॉलेज बन गया है। और प्रमोशन की खुशी में जब विधायक शक्तिलाल शाह पहुंचे, तो क्षेत्रवासियों ने विकास की चमक को सीधे चांदी के मुकुट में बदलकर उनके सिर पर सजा दिया।

बताया जा रहा है कि यह सम्मान था – स्कूल के उच्चीकरण का, या उस विश्वास का जो जनता ने शिक्षा के नाम पर जताया है। बहरहाल, मंच पर चांदी खूब चमकी।

अब ब्लैकबोर्ड नहीं, स्मार्ट टीवी बोलेगा

विद्यालय को इंटर का दर्जा मिलने के साथ ही कई आधुनिक सौगातें भी मिली हैं। अब बच्चों को चॉक-डस्टर से थोड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि कक्षाओं में स्मार्ट टीवी लग गए हैं। कक्षा 11वीं का भी श्रीगणेश हो गया है और एक नया कमरा भी खुल गया है। यानि अब धमातोली के बच्चों को पढ़ाई के लिए गांव से बाहर नहीं, बल्कि भविष्य के थोड़ा और करीब जाना पड़ेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले सड़क, पानी और स्कूल के लिए अर्जियां लगती थीं, अब कम से कम स्कूल वाली अर्जी पर मोहर लग गई है। उम्मीद है अब इस नए कमरे और नई टीवी की रोशनी में क्षेत्र के बच्चों का भविष्य भी उतना ही चमकेगा, जितना आज मंच पर वह मुकुट चमक रहा था।

समारोह में विधायक शक्तिलाल शाह ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता का स्नेह ही उनकी पूंजी है और वह विकास के लिए समर्पित हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और विद्यालय स्टाफ, स्थानीय जनता मौजूद रही।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *