टिहरी – उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर क्षेत्र से लापता रेशमा देवी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अब यह मामला सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टिहरी के एसएसपी से फोन पर बात की और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
सीएम धामी ने पुलिस और प्रशासन को रेशमा देवी की जल्द से जल्द तलाश करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच करने और सर्विलांस व तकनीकी संसाधनों की मदद लेने को कहा है।
साथ ही सीएम ने अधिकारियों को रेशमा के परिवार के लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों को तलाश और जांच से जुड़ी हर जानकारी समय-समय पर दी जाए।
मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद अब रेशमा देवी की तलाश तेज होने की उम्मीद है। परिवार को भी अब न्याय की उम्मीद जगी है और सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

