पुलिस पर पथराव मामले में विधायक उमेश कुमार समेत 450 लोगों पर मुकदमा दर्ज, अन्य की पहचान जारी


हरिद्वार:- खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के समर्थन में लक्सर जा रहे उनके समर्थकों को पुलिस ने रोका तो उन्होंने पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां भांज उन्हें तितर-बितर किया। मामले में विधायक समेत करीब 450 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

इससे पहले दून से लक्सर जा रहे विधायक को पुलिस ने डोईवाला में रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया था, करीब छह घंटे बाद उन्हें देहरादून भेज दिया गया था।

पूर्व विधायक व भाजपा नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से विवाद के बाद खानपुर विधायक उमेश कुमार ने शुक्रवार को लक्सर स्थित कार्यालय पर सर्व समाज की बैठक रखी थी। लेकिन बाद में उन्होंने इसे स्थगित कर दिया था। लेकिन बावजूद इसके शुक्रवार को यूपी, हरियाणा व दिल्ली समेत कई राज्यों से उनके समर्थन में हजारों लोग लक्सर पहुंचे। पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी कर उन्हें रोक दिया। बावजूद काफी लोग लक्सर पहुंच गए। गोर्वधन में पुलिस ने समर्थकों को जैसे ही रोका उन्होंने पथराव शुरू कर दिया।

पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें तितर-बितर किया। लक्सर कोतवाली में विधायक उमेश कुमार और 200-250 अज्ञात के खिलाफ और खानपुर थाने में विकास शर्मा, राजकिशोर शर्मा, प्रवेश भारद्वाज, कपिल पंडित नामजद व 150-200 अज्ञात पर केस दर्ज किया है।

पुलिस पर पथराव और धक्का मुक्की करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। माहौल खराब करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। – प्रमेंद्र डोभाल, एसएसपी, हरिद्वार


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !