जखोली (रुद्रप्रयाग)। विकासखंड जखोली के अंतर्गत बैनोली गांव में एक साधु की हत्या की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गांव में स्थित गुणखेश्वर मंदिर के अर्चक महात्मा का शव खेत में मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान बैनोली सूर्यप्रकाश नौटियाल के अनुसार, गांव की कुछ महिलाओं ने खेत में मंदिर के अर्चक महात्मा का शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद घटना की जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंचाई गई।
प्रारंभिक सूचना में यह भी बताया जा रहा है कि हत्या के संदिग्ध व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़कर अपने कब्जे में रखा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना जखोली पुलिस चौकी प्रभारी को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल मृतक की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
बैनोली गांव में साधु की हत्या की सूचना से स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों की नजर अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

