देहरादून: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी एंगल की जांच कर रही CBI ने अपनी जांच तेज कर दी है। बीते दिनों सीबीआई ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पूछताछ की थी, जिसके बाद दोनों को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट में पेशी के दौरान दोनों ने नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है। कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की है। कोर्ट में पेशी के बाद मीडिया से बात करते हुए उर्मिला सनावर ने बताया कि कोर्ट ने उन्हें नार्को टेस्ट पर एक बार फिर सोचने के लिए कहा है।
सीबीआई पर भरोसा नहीं, मीडिया के सामने हो नार्को टेस्ट – उर्मिला
अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही हैं और नार्को टेस्ट के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन उन्होंने सीबीआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बड़ी मांग रख दी। उर्मिला ने कहा, “मुझे सीबीआई पर भरोसा नहीं है। मेरा नार्को टेस्ट मीडिया के सामने कराया जाए।” उन्होंने कहा कि अगर उनकी यह मांग पूरी नहीं हुई तो वह सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगी।
50 करोड़ का ऑफर और सरकार गिराने की साजिश का दावा
उर्मिला सनावर ने कई ताबड़तोड़ खुलासे भी किए। उन्होंने दावा किया कि वायरल ऑडियो मामले में झूठ बोलने के लिए उन्हें 50 करोड़ रुपये और देश छोड़ने का ऑफर दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि उनके वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें उसके ओरिजनल होने की पुष्टि हुई है।
साथ ही उर्मिला ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सरकार गिराने की प्लानिंग चल रही है और इसमें सत्ताधारी दल के लोग ही शामिल हैं।
सुरेश राठौर पर भी निशाना
उर्मिला सनावर ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी इस केस में हाईवोल्टेज ड्रामा होना बाकी है। उर्मिला ने कहा कि सुरेश राठौर ने मीडिया के सामने उन्हें पत्नी माना है, और अब वह ड्रामा कर रहे हैं।
सीएम धामी को गुप्त जानकारी देने की मांग
उर्मिला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि वह सीएम को इस मामले से जुड़ी गुप्त जानकारी देना चाहती हैं।
वहीं, सीबीआई कोर्ट पहुंचे सुरेश राठौर ने कहा कि वह पूरी जांच में सहयोग करेंगे और उन्होंने भी नार्को टेस्ट के लिए सहमति जता दी है।
अब सबकी निगाहें 26 अक्टूबर को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

