देहरादून। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस विभाग के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या वर्तमान 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदन दे दिया है।
इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों एवं शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे। कार्मिक विभाग ने बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय भार के और कुल स्वीकृत पदों में वृद्धि किए बिना, वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन की शर्त पर सहमति दी है।

मुख्यमंत्री ने दून में पुलिस ट्रांजिट हॉस्टल बनाने और 1600 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि पिछले एक साल में देशभर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 154 जवानों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्यौछावर किए हैं, जिसमें उत्तराखंड के तीन जवान शामिल हैं।

सीएम ने कहा – शहीदों का बलिदान अमर है
मुख्यमंत्री ने कहा, एक शहीद सिर्फ अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव होता है। उसके जाने से परिवार में जो खालीपन आता है उसे पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन देश के लिए दिया गया बलिदान सदैव अमर रहता है। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक हमें हमेशा याद दिलाता रहेगा कि जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए कितना बड़ा त्याग दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पुलिस की जिम्मेदारी अधिक चुनौतीपूर्ण है। यहां कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, प्राकृतिक आपदाएं और चीन-नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं हैं। बदलते अपराधों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि आज लड़ाई सड़कों पर हो रहे अपराध से नहीं, बल्कि नशे के बढ़ते जाल और डिजिटल दुनिया में छिपे अपराधियों से है।

पुलिस कल्याण के लिए किए ये ऐलान
सीएम ने बताया कि सरकार ने पुलिस आवास संतुष्टि दर को 18 से बढ़ाकर 22 फीसदी किया है, लक्ष्य 30 फीसदी तक ले जाना है। जिला पुलिस चिकित्सालयों में सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं, सभी पुलिसकर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इस साल 785 पुलिसकर्मियों को प्रमोशन, नागरिक पुलिस में 1573 और पीएसी में 373 आरक्षियों की सीधी भर्ती की गई है।

