विजयदशमी पर घोषित हुई पंचकेदार के 3 धामों के कपाट बंद होने की तिथि, 6 नवंबर को तुंगनाथ, 11 को केदारनाथ और 16 को मदमहेश्वर के बंद होंगे कपाट


रुद्रप्रयाग। पंचकेदार के तीन प्रमुख धामों के कपाट बंद होने की तिथियां विजयदशमी पर्व पर घोषित कर दी गई हैं। शीतकाल के आगमन के साथ ही हिमालय की ऊंची चोटियों पर स्थित इन धामों में नियमित दर्शन बंद हो जाएंगे।

भगवान की चल विग्रह उत्सव डोलियां नवंबर में अपने-अपने शीतकालीन गद्दीस्थलों के लिए प्रस्थान करेंगी। शीतकाल में श्रद्धालु ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और मक्कूमठ में भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

6 नवंबर को बंद होंगे तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट
हिमालय में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट 6 नवंबर को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। पंचांग गणना के अनुसार शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ में तिथि घोषित की गई। 8 नवंबर को भगवान तुंगनाथ की उत्सव डोली मक्कूमठ पहुंचेगी, जहां शीतकालीन पूजा होगी। इसकी जानकारी बीकेटीसी प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने दी।

11 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली फाटा और गुप्तकाशी होते हुए शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। इसकी जानकारी डोली प्रभारी डीएस भुजवाण ने दी।

16 नवंबर को बंद होंगे द्वितीय केदार मदमहेश्वर के कपाट
द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे। इसके बाद भगवान की उत्सव डोली गौंडार में रात्रि विश्राम करेगी। 17 नवंबर को डोली गौंडार से रांसी, 18 को रांसी से गिरिया और 19 नवंबर को गिरिया से ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां शीतकालीन पूजा संपन्न होगी। जानकारी वेदपाठी विश्व मोहन जमलोकी ने दी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !