देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 22 अक्टूबर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बड़ा ऐलान किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा का जवाब देने के लिए भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकालेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान सीएम धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में करीब 60 साल तक शासन किया है, लेकिन आज वही पार्टी जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
*चुनाव आयोग पर सवाल उठाने पर पलटवार*
मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है, उसी चुनाव आयोग के तहत हुए चुनावों में कांग्रेस को जीत भी मिली है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जीत पर एक नजरिया और हार पर दूसरा नजरिया अपनाना उचित नहीं है।
*न्याय यात्रा पर साधा निशाना*
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस पहले भी न्याय यात्रा निकाल चुकी है। जनता जानती है कि उस दौरान किस तरह की परिस्थितियां बनी थीं। जब जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला तो कांग्रेस ने अपनी समीक्षा करने के बजाय जनता को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। केवल यात्राएं निकालने और नारे देने से विश्वास हासिल नहीं होता।
*31 अक्टूबर से शुरू होगी लोकतंत्र बचाओ यात्रा*
सीएम धामी ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ के तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर में पदयात्रा निकाली जाएगी, जबकि 2 नवंबर को देहरादून में पदयात्रा होगी। इसके अलावा ऊधम सिंह नगर में भी यात्रा आयोजित की जाएगी। इन यात्राओं के जरिए भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर अपना पक्ष रखेगी।
भाजपा की इस घोषणा को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बढ़त बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस जहां न्याय यात्रा के जरिए मुद्दे उठा रही है, वहीं भाजपा ने भी पलटवार की तैयारी कर ली है। आने वाले दिनों में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है।
