चमोली:- माणा गांव के पास ग्लेशियर टूटने से बीआरओ के कई मजदूर मलबे में दबने की सूचना, 16 मजदूर निकाले गए सुरक्षित


चमोली:- उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के समीप स्थित माणा गांव के पास एक ग्लेशियर टूटने से बड़ा हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में सीमा सड़क संगठन (BRO) के ठेकेदार के तहत काम कर रहे 57 मजदूर मलबे में दब गए। अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। शेष 41 मजदूरों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि भारी बर्फबारी के कारण ये घटना हुई है।

उत्तराखंड के सीएम धामी व कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्लेशियर टूटने और उसके मलबे में मजदूरों के दबने पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की कामना की है।

वहीं, पुलिस मुख्यालय की ओर से आईजी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि, घटनास्थल के लिए तीन से चार एंबुलेंस भी भेजी गई हैं। हालांकि, पिछले दो-तीन दिनों से हो रही भारी बर्फबारी के कारण राहत दल को वहां पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं।

माणा गांव के पास ग्लेशियर टूटा है। बीआरओ के कई मजदूर ग्लेशियर के मलबे में दब गए हैं. सभी को सुरक्षित निकालने और मार्ग खोलने के प्रयास लगातार जारी हैं:- राजीव स्वरूप, आईजी गढ़वाल

वहीं, चमोली प्रशासन की ओर से बताया गया है कि फिलहाल भारी बर्फबारी के कारण प्रशासन हेलीकॉप्टर व अन्य उपकरण वहां तक नहीं पहुंचा पा रहा है। हमने टीमें रवाना कर दी हैं। बर्फबारी लगातार जारी है: संदीप तिवारी, डीएम चमोली

बदरीनाथ के पास ग्लेशियर टूटा: हादसा स्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एनडीआरएफ की टीमें शामिल हैं। क्षेत्र में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद, बचाव दल मलबे में फंसे मजदूरों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !