भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली गिरफ्तार, आत्महत्या से पहले युवक ने वीडियो बना ठहराया था जिम्मेदार..


श्रीनगर/डोईवाला। आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के आधार पर की गई है जिसमें मृतक युवक ने अपनी जान लेने से पहले भाजपा नेता को सीधे-सीधे जिम्मेदार ठहराया था।

मामला डोईवाला के कोठारी मोहल्ले का है, जहां निवासी जितेंद्र नेगी ने कल श्रीनगर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला था। वीडियो में जितेंद्र नेगी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता हिमांशु चमोली ने उससे लाखों रुपए की ठगी की, जिससे परेशान होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा।

ठगी के आरोपों का पूरा विवरण
मृतक जितेंद्र नेगी ने अपने वीडियो में दावा किया था कि—

हिमांशु चमोली ने उससे समय-समय पर लाखों रुपए के मोबाइल फोन अपनी पत्नी और भाई के नाम पर लिए।

जमीन दिलाने के नाम पर भी उससे लाखों रुपए ऐंठे गए।

इतना ही नहीं, एक न्यूज़ चैनल शुरू करने का झांसा देकर भी उससे बड़ी रकम वसूली गई।

जितेंद्र ने कहा कि कुल मिलाकर 57 लाख रुपए से अधिक की ठगी उसके साथ की गई और जब उसने रकम लौटाने की मांग की तो भाजपा नेता ने साफ इंकार कर दिया। इसी वजह से उसने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने का फैसला किया।

पुलिस की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने जानकारी दी कि हिमांशु चमोली को श्रीनगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

इधर, घटना के बाद जितेंद्र नेगी का डोईवाला स्थित घर बंद मिला। परिजन श्रीनगर रवाना हो चुके हैं। मोहल्ले में मातम का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

बड़ा सवाल
इस पूरे मामले ने प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप गंभीर हैं और वीडियो में किए गए दावों ने पुलिस जांच को और संवेदनशील बना दिया है। फिलहाल हिमांशु चमोली की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस पर दबाव है कि वह पूरे प्रकरण की परतें खोले और सच्चाई सामने लाए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !