उत्तरकाशी को CM धामी की दो बड़ी सौगात, विश्वनाथ-शक्ति कॉरिडोर का ऐलान, भटवाड़ी में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय


उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया।

इसी मंच से सीएम धामी ने उत्तरकाशी के लिए दो बड़ी सौगातों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पीएम राष्ट्र प्रथम की भावना से देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है।

सीएम ने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और बाबा केदार की धरती से उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। उन्होंने लखपति दीदी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम का स्वागत किया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कांग्रेस के विरोध की चेतावनी के बाद पुलिस ने प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !