नई दिल्ली में हुई शिष्टाचार भेंट में जड़ीबूटी परिषद उपाध्यक्ष सोना सजवाण ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली सेम-मुखेम धाम आने का निमंत्रण दिया
नई टिहरी/ नई दिल्ली। टिहरी की आस्था और संस्कृति की खुशबू अब राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र तक पहुंच गई है। जड़ीबूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और राज्यमंत्री सोना सजवाण ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान सोना सजवाण ने टिहरी जिले की प्रतापनगर विधानसभा में स्थित प्रसिद्ध और उत्तर द्वारका के नाम से विख्यात सेम-मुखेम धाम का पवित्र प्रसाद राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेंट किया।

मुलाकात के दौरान सोना सजवाण ने बताया कि सेम-मुखेम मंदिर भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली है, जहां उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के कोने-कोने से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह धाम हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
तीन साल में लगता है त्रैवार्षिक मेला
सोना सजवाण ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी कि सेम-मुखेम धाम में हर तीन साल में भव्य त्रैवार्षिक मेले का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से अपने व्यस्त कार्यक्रम से कुछ समय निकालकर उत्तर द्वारिका सेम-मुखेम मंदिर आने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के यहां आने से सेम-मुखेम धाम को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रचार-प्रसार मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रसाद ग्रहण कर सोना सजवाण का आभार व्यक्त किया।

