टिहरी में गैस एजेंसियों को ई-केवाईसी में तेजी लाने के निर्देश, गांव-गांव लगेंगे शिविर, रोस्टर से होगा वितरण


टिहरी गढ़वाल – जनपद में गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी में तेजी लाने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

एडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में एजेंसीवार ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा की गई। धीमी प्रगति वाली एजेंसियों को तेजी लाने और निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने को कहा गया। शत-प्रतिशत ई-केवाईसी के लिए गांव-गांव में शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

ऑनलाइन बुकिंग पर जोर
बैठक में ऑनलाइन गैस बुकिंग की भी समीक्षा हुई। एडीएम ने पिछले 6 माह से बुकिंग न कराने वाले उपभोक्ताओं का विवरण तलब किया है। निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग से ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।

रोस्टर से होगा वितरण
एडीएम ने कहा कि सभी एजेंसियां निर्धारित रोस्टर के अनुसार ही गैस वितरण करें। वितरण की तिथि और समय की सूचना पहले से प्रसारित की जाए ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। घटतौली या अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल सहित सभी गैस एजेंसियों के प्रबंधक वर्चुअली जुड़े रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *