पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है।
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने घोषणा की है कि हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाडी में हुए हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को भी कहा गया है।
बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं
हादसे का शिकार हुई महिलाएं भंगलवाड़ गांव के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। सभी सिद्धखाल में समूह की बैठक और अन्य काम निपटाकर ईको वैन से गांव लौट रही थीं।
इसी दौरान शनिवार को रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाडी गांव के पास वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई। वाहन में चालक समेत कुल 13 लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य और एएसपी मनोज ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद 4 घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
हादसे में मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई थी। सभी घायलों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां एक घायल महिला ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हो गई।

