कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल), 30 अक्टूबर। भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े दो लोग विशाल पेड़ की चपेट में आ गए।
हादसे में हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बारिश से बचने के लिए दुकान के पास खड़े थे। तभी तेज अंधड़ के चलते अचानक विशाल पेड़ भरभराकर गिर गया और दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायल को बाहर निकालकर बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

