देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर भूचाल लाने वाले चर्चित जैनी प्रकरण में अब खुद जैनी उर्फ इंदिरा देवरी का बयान सामने आया है। जैनी ने वीडियो जारी कर कहा है कि वो कल पूरे मामले का प्रूफ के साथ खुलासा करेंगी।
वीडियो में क्या बोली जैनी?
जैनी ने कहा –
“नमस्कार, मैं जैनी उर्फ इंदिरा देवरी, असम की रहने वाली हूं। देखिए आप लोग जो गंदगी मचा रखा है, राजनीति कर रहे हैं मेरे नाम को लेकर। मेरे साथ क्या हुआ, क्या नहीं हुआ, किसी ने नहीं पूछा।”
उन्होंने कहा कि उनके बारे में DNA जैसे गंदे कमेंट किए जा रहे हैं। अब वो खुद अपनी जुबान से बताएंगी कि 2003 में उनके साथ क्या हुआ था।
“मेरे साथ किसने क्या किया, क्या नहीं किया, वो मुझे पता है। With Proof के साथ मैं आप लोगों के सामने आऊंगी। मुझे एक दिन का टाइम दीजिए।”
क्या था 2003 का जैनी प्रकरण? – आपको बता दें
आपको बता दें कि 2003 में तत्कालीन नारायण दत्त तिवारी सरकार में मंत्री हरक सिंह रावत के घर पर काम करने वाली असम की इंदिरा देवरी उर्फ जैनी को लेकर एक प्रकरण सामने आया था।
इस प्रकरण में गर्भवती होने को लेकर लगाए गए आरोपों ने उत्तराखंड की सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया था। विवाद बढ़ने के बाद इस मामले में तत्कालीन कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा था।
बाद में उन्होंने इस मामले में CBI जांच का भी सामना किया, जिसमें वो निर्दोष साबित हुए थे और धीरे-धीरे ये मामला दबकर रह गया था।
2027 चुनाव से पहले फिर क्यों उछला मामला?
2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर जैनी प्रकरण का जिन्न उस समय बोतल से बाहर आ गया, जब सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए जैनी प्रकरण पर ध्यान आकर्षण करवाया।
जिसके बाद पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत सीएम धामी पर गुस्सा होकर हमलावर हो गए। फिर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और हरक सिंह रावत के बीच भी इस पर बयानबाजी हुई।
और अब इसी बीच खुद जैनी सामने आ गई हैं। जैनी के इस वीडियो के बाद उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजरें कल पर टिकी हैं, जब जैनी अपने दावे के मुताबिक पूरा खुलासा करने वाली हैं।

