बागेश्वर में डबल मर्डर से सनसनी: नशे में धुत भतीजे ने चाचा-चाची को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला, भाभी पर भी हमला


बागेश्वर, 2 नवंबर – उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी (नरगोड़ी) गांव में भतीजे ने ही नशे की हालत में अपने चाचा-चाची को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव करने आई भाभी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया।

पहले चाची फिर चाचा पर किया वार

आरोपी की पहचान गोविंद वल्लभ खोलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा और उत्पात मचाने लगा। सबसे पहले उसने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी (54 वर्ष) पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद नीचे के कमरे में जाकर चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58 वर्ष) पर भी जानलेवा वार किए।

चीख-पुकार सुनकर चाचा के बेटे की बहू दर्शनी देवी बचाने दौड़ी तो आरोपी ने उस पर भी रॉड से 3-4 बार वार कर दिया। दर्शनी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी छोटी बच्ची के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया और दूसरे रास्ते से निकलकर जान बचाई।

अस्पताल में दो को मृत घोषित किया

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। देर रात चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 112 पर सूचना दी। पुलिस तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गई, जहां डॉक्टरों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल दर्शनी देवी का इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।

शराब की लत से परेशान था परिवार

परिजनों के अनुसार, गोविंद वल्लभ शराब का आदी था और अक्सर नशे में गाली-गलौज करता था। परिवार ने 5-6 महीने पहले उसके खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी उसकी शिकायत हुई थी।

बैजनाथ कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 4 विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !