गंगनानी में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; 2 की मौत, 3 घायल


उत्तरकाशी। जिले के गंगनानी-भटवाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब नंबर की एक स्विफ्ट कार (PB 01 F 1733) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, देर रात्रि डीसीआर उत्तरकाशी से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट भटवाड़ी एवं उजेली की टीमें तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा था।

वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे में नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77 वर्ष) तथा उनकी पत्नी लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं विमल कुमार प्रधान (61 वर्ष), उनकी पत्नी उपासना (54 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर (उड़ीसा) तथा यशवीर (35 वर्ष) निवासी पंजाब गंभीर रूप से घायल हो गए।

एसडीआरएफ टीम ने रात के अंधेरे और अत्यंत विषम परिस्थितियों के बीच त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

एसडीआरएफ के इस त्वरित और साहसिक रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *