गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा, भागीरथी में समाई इनोवा कार, 4 की मौत, 2 यात्री लापता


उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डबरानी की ओर जा रही गुजरात नंबर की इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, दो लोग अभी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर को वाहन संख्या UK08 TA 6040 गंगोत्री की ओर जा रहा था। वाहन में गुजरात निवासी छह यात्रियों के साथ चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। गंगनानी के समीप डबरानी की ओर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दलों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट उजेली और भटवाड़ी से एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

संयुक्त बचाव अभियान के दौरान नदी तट से अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। घायल को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की कार्यवाही की जा रही है। हादसे में लापता दो अन्य लोगों की तलाश के लिए नदी के बहाव क्षेत्र और आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हादसे में जान गंवाने वालों में श्रीमती अशोकबेन पटेल (49 वर्ष), सुश्री रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष), निवासी गुजरात तथा वाहन चालक राहुल अग्रवाल, निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार शामिल हैं।

एक घायल, दो लापता
दुर्घटना में पटेल वेदांत अशोकभाई (17 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, श्रीमती सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष), निवासी सूरत, गुजरात तथा श्रीमती किरणबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष), निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात लापता हैं।

एसडीआरएफ सहित सभी बचाव दल लापता लोगों की तलाश में लगातार जुटे हुए हैं। भागीरथी नदी के तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमें व्यापक स्तर पर खोज अभियान चला रही हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *