देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय में उन्होंने अपना पर्चा भरा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाकर यह साबित किया है कि पार्टी हर वर्ग का ख्याल रखती है। उन्होंने कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज को बांटने का काम करती है।
वहीं निर्वाचन अधिकारी हेम पंत ने जानकारी दी कि नामांकन के अंतिम दिन तक कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है, लेकिन निर्धारित समय तक केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने ही अपना नामांकन दाखिल किया है।

