Kedartal Trek Tragedy: SDRF ने बरामद किए 3 और शव, कुल 7 शव मिले, 1 ट्रेकर अब भी लापता
उत्तरकाशी, 06 नवंबर 2026।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में भारी हिमपात के बाद लापता हुए ट्रेकर्स की तलाश में चल रहे सर्च अभियान में शुक्रवार को 3 और शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही इस हादसे में अब तक कुल 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 1 व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।
SDRF और NIM की संयुक्त टीम पिछले कई दिनों से दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है।
सैटेलाइट फोन से मिली लोकेशन पर चला अभियान
शुक्रवार को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर SDRF और NIM की संयुक्त टीम ने लापता व्यक्तियों के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया।
इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दबे 3 पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए। रेस्क्यू टीम ने सभी शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी लाया गया। इसके बाद शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

अब तक 7 शव बरामद, इनमें 5 पुरुष, 2 महिलाएं
इससे पहले चलाए गए अभियान में 4 शव बरामद किए जा चुके थे, जिनमें 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं। आज 3 पुरुषों के शव मिलने के बाद कुल संख्या 7 हो गई है। इनमें 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
केदारताल ट्रेक पर कुल 8 व्यक्ति लापता हुए थे। इनमें से 7 के शव मिल चुके हैं, जबकि 1 अन्य की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।
खराब मौसम के बीच जारी है रेस्क्यू
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम और उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच NIM और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान को अंजाम दे रही हैं।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीमें शेष लापता व्यक्ति की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

