धारचूला (पिथौरागढ़)। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को भारी हंगामा हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच पर बोलने का अवसर नहीं मिला, जिससे सांस्कृतिक मंच अखाड़ा बन गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मेले का शुभारंभ किया और क्षेत्र के लिए 102.72 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की सौगात की घोषणा की। जौलजीबी मेला अपनी ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। इस बार 6 साल बाद मेले में तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद से आयोजन को लेकर उत्साह था।
इसी बीच स्थानीय विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और संबोधित करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक की अधिकारियों के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मंच पर नोकझोंक, तोड़फोड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
विधायक हरीश धामी ने कहा कि यह पहली बार है जब क्षेत्र के स्थानीय विधायक को अपने ही विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं को रखना उनका अधिकार है। उन्होंने पुरानी घोषणाओं के पूरा न होने का मुद्दा भी उठाया और नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही सीएम चले गए।
हंगामे के दौरान मंच पर माइक फेंकने और कुर्सी उठाकर मारने तक की नौबत आ गई, जिससे मेले में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई।

