देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की मुश्किलें आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ती नजर आ रही हैं। असम में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जेनी नाम की महिला की शिकायत पर की गई है।
बताया जा रहा है कि शिकायत 16 नवंबर को दी गई थी, जिस पर जांच के बाद असम पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जांच के लिए स्पेशल टीम भी बनाई गई है। असम पुलिस ने FIR को देहरादून पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, असम के तिनसुकिया की मूल निवासी जेनी ने 7 नवंबर को देहरादून में DGP को शिकायत दी थी। इसके बाद 10 नवंबर को उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत में जेनी ने आरोप लगाया है कि 2002-03 में जब वह 16 साल की नाबालिग थी और यमुना कॉलोनी स्थित बस स्टैंड के पास STD बूथ पर काम करती थी, तब एक राजनीतिक कार्यकर्ता नौकरी दिलाने के बहाने उन्हें यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवास में ले गया था।
आरोप है कि वहां उन्हें करीब दो महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और होटल व पार्टियों में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। जेनी का दावा है कि इसी दौरान वह गर्भवती हो गईं और जून 2003 में देहरादून के सरकारी अस्पताल में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया, जो अब 23 साल का है।
जेनी ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें चुप कराने के लिए नारी निकेतन और राज्य संचालित मनोरोग गृह में रखा गया। उनका दावा है कि उस समय उन्हें हिंदी ठीक से बोलनी-समझनी नहीं आती थी और बिना दुभाषिया के पहले से तैयार हिंदी बयान पर उनसे हस्ताक्षर करवाए गए। जेनी का यह भी दावा है कि उनके नवजात बेटे का कोई DNA सैंपल नहीं लिया गया और उन्हें उत्तराखंड से बाहर भेज दिया गया।
हरक सिंह रावत का पक्ष
पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने इसे भाजपा की राजनीतिक साजिश करार दिया है।
उनका कहना है कि दिल्ली में कांग्रेस की रैली और उत्तराखंड में न्याय यात्रा से सरकार घबराई हुई है और अंकिता भंडारी केस से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है। इसलिए 23 साल पुराना मामला चुनाव से ठीक पहले उछाला गया है।
हरक सिंह रावत का दावा है कि वर्ष 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार के दौरान CBI ने निष्पक्ष जांच करते हुए उन्हें क्लीन चिट दी थी। उन्होंने बताया कि CBI जांच में यह बात भी सामने आई थी कि विजय बर्थवाल और एक अन्य व्यक्ति ने लड़की को प्रलोभन दिया था।
उनके मुताबिक, क्लीन चिट मिलने के बाद उन्होंने विजया और आशा नौटियाल के खिलाफ मानहानि का केस भी किया था, जिसे माफी मांगने पर CJM कोर्ट से वापस लिया गया था।
क्या होगा आगे?
9 नवंबर 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस के संदर्भ में हरक सिंह रावत के करीबी योगेंद्र सिंह चौहान की पहचान करने का भी जिक्र सामने आया है।
अब FIR देहरादून पुलिस को ट्रांसफर होने के बाद सभी की नजर इस बात पर है कि देहरादून पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।
नोट: इस खबर में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के दावों पर आधारित हैं। पूर्व मंत्री ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मामले की जांच जारी है और कोर्ट के फैसले से ही स्थिति स्पष्ट होगी।

