देहरादून। उत्तराखंड पंचम विधानसभा का वर्ष 2026 का तीसरा (मॉनसून) सत्र 27 अक्टूबर से गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू होगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद सत्र की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सत्र 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र के सुचारू संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
31 विधायकों के 426 सवाल
अध्यक्ष ने बताया कि इस सत्र के लिए अब तक 31 विधायकों की ओर से कुल 426 सवाल विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं। ये सवाल सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और विकास कार्यों से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि सचिवालय की कोशिश रहेगी कि सभी सवालों पर सरकार से समय पर जवाब मिल सके और ज्यादा से ज्यादा विधायकों को जनसमस्याएं उठाने का अवसर मिले।
सत्र की अवधि सरकार तय करेगी
सत्र की अवधि को लेकर पूछे गए सवाल पर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि सत्र कहां होगा और कितने दिन चलेगा, यह तय करना सरकार का अधिकार है। विधानसभा की जिम्मेदारी तय कार्यक्रम के अनुसार कार्यवाही को व्यवस्थित रूप से संचालित करना है।
उन्होंने कहा कि अगर सत्र कम दिन का भी रहा तो उपलब्ध समय का अधिकतम उपयोग किया जाएगा।

