छठ पर सीएम धामी ने उठाई फलों की डलिया, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य – कहा, ये भाईचारे और समरसता का पर्व


खटीमा, उधमसिंह नगर। लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार सुबह खटीमा के मेलाघाट 22 पुल छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने फलों की डलिया उठाकर व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।

सीएम धामी ने कहा कि छठ पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने वाला पर्व है। इस पर्व में सूर्य उपासना के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव भी निहित है।

गौरतलब है कि बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल समेत देश-विदेश में बसे पूर्वांचल के लोगों द्वारा छठ महापर्व बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है। चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय से हुआ था। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया गया और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन हुआ।

खटीमा के मेलाघाट 22 पुल के अलावा खेलड़िया झाऊ परसा, नौसर, सरपुडा बग्गा, हल्दी घेरा, मोहम्मदपुर भूडिया, दियां, खस्सीबाग, भगचुरी आदि पूर्वांचल बहुल्य क्षेत्रों के छठ घाटों पर भी भारी उल्लास देखने को मिला। इस दौरान पूर्वांचल समाज के साथ ही पर्वतीय समाज की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !