हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य रविवार को पहली बार मीडिया के सामने आए। हरिद्वार प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ उन्होंने प्रेसवार्ता कर कई सनसनीखेज दावे किए।
विनोद आर्य ने दावा किया कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी शामिल नहीं था और यह हत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसे हत्या का रूप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अंकिता और उसके प्रेमी पुष्प की 4085 पेज की चैट उन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय से प्राप्त हुई थी। ट्रायल चलने के कारण वह अब तक इस पर कुछ नहीं बोल सके। उन्होंने दावा किया कि यह चैट चार्जशीट में भी शामिल थी, लेकिन इसकी अनदेखी की गई।
विनोद आर्य के अनुसार चैट से पता चलता है कि अंकिता और उसका प्रेमी शादी करना चाहते थे, लेकिन जाति अलग होने के कारण दोनों के माता-पिता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। इसी वजह से प्रताड़ित होकर अंकिता घर छोड़कर चली गई थी।
वीआईपी की भूमिका के सवाल पर अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने कहा कि इस प्रकरण में कोई वीआईपी नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया को दिए साक्षात्कार में आरोपियों को फांसी तक पहुंचाने की बात कहकर न्यायालय पर दबाव बनाया गया था।
गौरतलब है कि पांच साल पहले हुआ अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड का सबसे चर्चित मामला रहा है, जिसमें पुलकित आर्य मुख्य आरोपी है।

