रुद्रप्रयाग में घर के अंदर घुसा आदमखोर गुलदार, बाथरूम में पालतू कुत्ते को दबोचा, ग्रामीणों ने दरवाजा बंद कर किया कैद


रुद्रप्रयाग। जिले के सुमाड़ी बाजार में गुलदार की दहशत अब जंगल से निकलकर घरों के भीतर तक पहुंच गई है। दिनेश थपलियाल के घर में घुसे गुलदार ने बाथरूम में पालतू कुत्ते को दबोच लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार गुलदार अचानक घर के अंदर घुस आया और कुत्ते को पकड़कर बाथरूम में ले गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और गुलदार को अंदर ही कैद कर दिया।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से सुमाड़ी क्षेत्र में गुलदार की हलचल देखी जा रही थी। अब दिनदहाड़े घर में घुसकर हमले की घटना से स्थानीय लोगों में भारी दहशत है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब घर के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं तो बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा का क्या होगा? सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए और आबादी के आसपास सक्रिय वन्यजीवों पर निगरानी रखी जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *