शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ के कपाट, अब ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में होंगे बाबा के दर्शन


रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह से ही धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के अंतिम दर्शन किए और जयकारों के साथ डोली को विदा किया।

बुधवार सुबह 4 बजे से ही केदारनाथ पहुंचे तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। सुबह 6 बजे समाधि पूजा के बाद गर्भ गृह के कपाट बंद कर दिए गए। इसके बाद मुख्य द्वार के कपाट सुबह 8:30 बजे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए गए।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया मंगलवार से ही शुरू हो गई थी। बाबा केदार की उत्सव डोली को सभा मंडप में रखा गया था। केदारनाथ के मुख्य पुजारी टी गंगाधर लिंग ने सभी पूजाएं संपन्न की।

कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान कर गई। सेना के बैंड की मधुर धुन और ढोल-दमाऊ की थाप के बीच भक्तों ने ‘बाबा केदार के जयकारे’ लगाए। आज डोली रात्रि विश्राम के लिए रामपुर पहुंचेगी। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

यमुनोत्री के कपाट भी बंद

यमुनोत्री धाम के कपाट भी बुधवार 11 नवंबर को भैयादूज पर शीतकाल के लिए बंद हो गए। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल ने बताया कि सुबह 10:28 बजे मां यमुना के कपाट बंद किए गए। इसके बाद मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना हुई। अब श्रद्धालु खरसाली में ही मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

गंगोत्री के कपाट अन्नकूट पर हुए थे बंद

गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। कपाट बंद होने की तैयारी सुबह 9 बजे से शुरू हुई थी। सबसे पहले मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। श्रद्धालुओं ने मां की भोग मूर्ति के दर्शन किए।

शुभ लग्न पर ठीक 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट देव डोलियों की मौजूदगी में बंद किए गए। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे मां गंगा की डोली आर्मी की टू कुमाऊं रेजिमेंट की बैंड की धुन और ढोल-दमाऊ की थाप के साथ मुखबा के लिए रवाना हुई। डोली बुधवार सुबह मुखबा पहुंची। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मुखबा में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !