ऋषिकेश : तपोवन के होटल में भीषण आग से हड़कंप, पुलिस-फायर सर्विस ने बचाईं तीन जिंदगियां, दीवाली पर टला बड़ा हादसा


ऋषिकेश । दीपावली के बीच ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में एक होटल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल के अंदर मौजूद तीन लोग इसकी चपेट में आकर फंस गए।

सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

3 फायर यूनिटों ने पाया आग पर काबू
जानकारी के अनुसार थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत तपोवन स्थित NB होटल में आग लगने की सूचना PFT के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुई। दीपावली पर्व को देखते हुए तपोवन और मुनि की रेती क्षेत्र में पहले से ही फायर सर्विस की टीमें तैनात थीं।

सूचना पर नरेंद्रनगर फायर स्टेशन की दो फायर यूनिटों के साथ ऋषिकेश की एक फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। तीनों यूनिटों ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और होटल में फंसे तीनों व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाला।

पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई।

पुलिस की अपील
वहीं, पुलिस ने दीपावली के मद्देनजर होटल संचालकों और आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने और उनकी नियमित जांच करने को कहा गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *