दीवाली से पहले मातम: पहाड़ में आदमखोर गुलदार ने 13 साल के मासूम को बनाया निवाला, बुझ गया घर का इकलौता चिराग


चम्पावत / लोहाघाट। पौड़ी के बाद अब चम्पावत में गुलदार का खौफ। दिवाली से ठीक पहले लोहाघाट के सुई डूंगरी गांव में गुलदार ने 13 वर्षीय हिमांशु पुजारी को घर से महज 30 मीटर दूर निवाला बना दिया। किशोर परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों का इकलौता भाई था।

घर से 30 मीटर दूर घात लगाए बैठा था गुलदार
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हिमांशु रायकोट का मेला देखकर घर लौट रहा था। घर से 30 मीटर पहले झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और खेतों की ओर खींच ले गया। देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात करीब 9:30 बजे खेत में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। गुलदार ने पेट और जांघों को बुरी तरह नोच डाला था।

परिजन उसे तुरंत लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि हिमांशु कक्षा 7 में पढ़ता था। उस दिन ट्यूशन न जाकर नाराज होकर मेला देखने चला गया था।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा – वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि गुलदार कई दिनों से गांव के आसपास दिख रहा था। पिंजरा लगाने की मांग की गई थी, लेकिन वन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की है।

DM एक्शन में, पिंजरे लगाने के निर्देश
घटना की सूचना पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी और रेंजर रमेश चंद्र जोशी अस्पताल पहुंचे। DM मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को तत्काल पिंजरे लगाने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *