दीपावली पर टिहरी पुलिस का बड़ा तोहफा: गुम हुए 60 मोबाइल खोजकर मालिकों को सौंपे


टिहरी गढ़वाल: दीपावली के पावन अवसर पर टिहरी पुलिस ने जनता को एक ऐसा तोहफा दिया है, जिसे पाकर 60 परिवारों के चेहरे खिल उठे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस और सीआईयू टीम ने ‘मिशन मुस्कान’ के तहत गुम हुए 60 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।

दीपावली पर टिहरी पुलिस का जनता को तोहफा

बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

CEIR पोर्टल से मिली बड़ी सफलता

पुलिस ने बताया कि ये सभी मोबाइल भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए। गुम और चोरी हुए ये मोबाइल अलग-अलग राज्यों में इस्तेमाल हो रहे थे। IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद इन्हें बरामद किया गया।

पर्यटकों के मोबाइल भी पहुंचाए घर

टिहरी घूमने आए कई पर्यटकों के मोबाइल खो गए थे, जो अपने घर लौट चुके थे। पुलिस ने उनसे संपर्क कर बरामद मोबाइल कोरियर के माध्यम से उनके घर भेजे हैं।

मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें अपना मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद ही खत्म हो गई थी, लेकिन टिहरी पुलिस ने उनकी यादें लौटा दीं।

SSP श्वेता चौबे ने कहा

“पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करना भी है। मोबाइल सिर्फ एक उपकरण नहीं होता, उसमें परिवार की तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और भावनात्मक यादें होती हैं। दीपावली पर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाना हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

मोबाइल गुम हो जाए तो क्या करें? – टिहरी पुलिस की अपील

  1. नजदीकी थाना / चौकी में सूचना दें
  2. मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें
  3. CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कराएं
  4. दुरुपयोग की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !