पौड़ी में गुलदार का कहर, 7 साल की बच्ची की मौत के बाद उबाल – विधायक राजकुमार पोरी का घेराव, डेढ़ घंटे तक गाड़ी में रहे कैद


पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे खांडूसैंण क्षेत्र में गुलदार के आतंक ने एक बार फिर एक मासूम की जान ले ली। शाम करीब 6:30 बजे 7 वर्षीय बालिका पर गुलदार ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद बालिका का शव बरामद कर लिया गया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर के साथ-साथ वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया।

*मौके पर पहुंचे विधायक को जनता ने घेरा*

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी मौके पर पहुंचे, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों का सब्र जवाब दे चुका था। आक्रोशित ग्रामीणों ने विधायक के वाहन को रोक लिया और जमकर अपना गुस्सा जताया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों ने विधायक को करीब डेढ़ घंटे तक घेर कर उनकी गाड़ी में ही कैद रखा और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम की मांग की।

*ग्रामीणों की मांग – गुलदार को पकड़ो या मारो*

ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही बच्चों और महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग से तुरंत गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *