उत्तराखंड में चारों धामों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर,निचले इलाकों में बढ़ी ठंड


देहरादून, 29 अक्टूबर। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पहाड़ से मैदान तक ठंड ने दस्तक दे दी है। चारों धामों में बर्फबारी से वादियां सफेद चादर में लिपट गई हैं।

गंगोत्री धाम और गोमुख ट्रैक पर और यमुनोत्री में तेज बर्फबारी हुई है। गंगोत्री से गोमुख तक पूरी घाटी बर्फ की सफेद चादर में ढक गई है। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने बर्फबारी के बीच दर्शन किए।

वहीं बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी आज सुबह बर्फबारी हुई। बाबा केदार की नगरी बर्फ से लिपट गई। बर्फबारी का अद्भुत नजारा देख श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कोई कैमरे में नजारे कैद करता दिखा तो कोई सेल्फी लेता रहा।

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है। लगातार बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है और ठिठुरन बढ़ गई है। बारिश के चलते पर्यटकों की आवाजाही कम हो गई है और शहर की रौनक फीकी पड़ गई है। स्थानीय लोग और पर्यटक होटलों में दुबके रहने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। यात्रियों को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *