घनसाली (टिहरी गढ़वाल), 29 अक्टूबर। घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग पर आज सुबह करीब 7 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चापुआ देवता मंदिर के पास सवारियों से भरी बोलेरो और ट्रक में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
जानकारी के अनुसार चमियाला से घनसाली आ रही बोलेरो (UK14TA0635) और घनसाली से चमियाला जा रहे ट्रक (UK14CA 9986) में आमने-सामने टक्कर हो गई। गनीमत रही कि बोलेरो में सवार चालक समेत सभी यात्री सुरक्षित हैं। बोलेरो के अगले हिस्से में काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद मौके पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। सूचना पर पहुंची घनसाली पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और वाहनों के कागजात की जांच की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सिंगल लेन सड़क बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों ने फिर इस मार्ग की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। घनसाली-चमियाला मोटरमार्ग सिंगल लेन है और घुमावदार मोड़ों पर तेज गति हादसों का कारण बन रही है। बालगंगा और भिलंगना घाटी को जोड़ने वाली इस सड़क पर घनसाली-चमियाला नगर पंचायतों और महाविद्यालय के कारण ट्रैफिक का दबाव बहुत अधिक रहता है, लेकिन वर्षों की मांग के बाद भी सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाया है।

