देहरादून के नामी स्कूल में टीचर पर बैड टच के गंभीर आरोप, 15 छात्राओं ने दी शिकायत, परिजनों का हंगामा


देहरादून: राजधानी देहरादून के एक प्रतिष्ठित प्राइवेट स्कूल से गंभीर मामला सामने आया है। यहां पढ़ने वाली छात्राओं ने अपने फिजिक्स शिक्षक पर बैड टच और छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, एक छात्रा ने परिजनों को बताया कि शिक्षक गलत तरीके से छूते हैं। इसके बाद परिजन जब स्कूल प्रबंधन से शिकायत लेकर पहुंचे तो उन्होंने 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाला शिकायत पत्र सौंपा।

पीड़ित परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मामले में कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित छात्रा को ही प्रिंसिपल कार्यालय में बुलाकर धमकाया और उसे झूठा बताया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि उससे आपत्तिजनक सवाल पूछे गए और मामले को घर पर न बताने का दबाव बनाया गया।

इसके विरोध में जब परिजन स्कूल पहुंचे तो हंगामा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने मुख्य गेट पर ताला लगाकर उन्हें अंदर ही रोक दिया।

सूचना पर डालनवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला शिक्षा विभाग और अभिभावकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !