देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में किराए के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से धंधा संचालित करने वाली मुख्य संचालिका समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि संस्कृति लोक कॉलोनी की लेन नंबर एक स्थित एक मकान में किराए पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए मकान में छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मकान के एक कमरे में एक महिला तथा एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद मिलीं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्ता बाहरी प्रदेशों व आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को देहरादून बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराती थी। वह व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें युवतियों की फोटो भेजती थी। ग्राहकों की पसंद के अनुसार अपने किराए के कमरे में लड़कियों को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराती थी। cf0c
मौके से पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से कमाए गए 3500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3,4,5,7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

