होटल में महिला के साथ ठहरे युवक की मौत, शक्तिवर्धक दवा खाने से बिगड़ी थी तबीयत, पुलिस जांच में जुटी


हल्द्वानी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल में महिला के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक ने होटल में शक्तिवर्धक दवा का सेवन किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गौला गेट निवासी युवक मंगलवार शाम एक महिला के साथ हल्द्वानी के एक होटल में ठहरा था। होटल में रुकने के दौरान तबीयत बिगड़ने पर महिला ने होटल स्टाफ को सूचना दी। युवक को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक युवक डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि युवक और महिला पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे। युवक अपने ननिहाल बदायूं में रहने के दौरान महिला के संपर्क में आया था। बाद में दोनों की अलग-अलग जगह शादी हो गई, बावजूद इसके संपर्क बना रहा।

पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। परिवार को भी दोनों के मिलने की जानकारी थी, जिसको लेकर घर में विवाद की बात भी सामने आ रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !