देवप्रयाग / श्रीनगर – उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। देवप्रयाग से करीब 4 किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास गुरुवार सुबह भीषण हादसा हो गया।
एक वैगनआर कार HR-68 C 1242 जो चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
SDM और पुलिस ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम कीर्तिनगर पंकज भट्ट ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर तीन घायलों को खाई से बाहर निकाला और सीएचसी बागी पहुंचाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

