श्रीनगर: गढ़वाल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़े बैकुंठ चतुर्दशी मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आवास विकास मैदान में लगी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टालों पर पहुंचकर संचालकों का उत्साहवर्धन किया। एक स्टॉल पर उन्होंने नमक भी पीसा।
बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का आज सोमवार से आगाज हो गया है। दस दिनों तक चलने वाले इस मेले में हर दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी।
श्रीनगर को मिल रही नई पहचान
मेले के शुभारंभ पर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास कार्यों से श्रीनगर को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने पौराणिक मेले के आयोजन में सरकार की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना पर काम चल रहा है। वहीं, लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और इसका कार्य अंतिम चरण में है।
उन्होंने श्रीनगर में एसी बस सेवा, पासपोर्ट कार्यालय और आईएएस-पीसीएस परीक्षाओं के आयोजन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधाएं बताया। साथ ही सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
पौराणिक मेले को मिलेगा सरकारी सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संवाहक हैं। इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलता है और लोगों को आपस में मिलने-जुलने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मेले को सरकार की ओर से सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, मठ-मंदिरों और पारंपरिक आयोजनों को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है।
स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडुवा सहित पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की गई है और मुख्यमंत्री भुली योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 36 हजार युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की राजनीति झूठ और भ्रम पर आधारित है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान कांग्रेस सरकार के समय हुए मुजफ्फरनगर कांड को प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों में अड़ंगा लगाने और स्तरहीन राजनीति करने का आरोप लगाया।
पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज, बालक छात्रावास, रेलवे स्टेशन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है। रेलवे परियोजना के तहत 12 स्टेशनों पर क्षेत्रवासियों को सुविधाएं मिलेंगी। श्रीनगर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। धारी देवी मंदिर के समीप हाईटेक घाट का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर को साइंस सिटी के रूप में विकसित करने के लिए यूकॉस्ट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
खड़ दीपक अनुष्ठान: 200 दंपती करेंगे आराधना
हाथों में जलता दीपक, जुबां पर भगवान शिव का पंचाक्षरी मंत्र और संतान सुख की कामना…। श्रीनगर के प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में आज बैकुंठ चतुर्दशी पर खड़ दीपक अनुष्ठान होगा। संतान प्राप्ति की कामना लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे निःसंतान दंपती पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर खड़े रहकर भगवान शिव की आराधना करेंगे।
इस मौके पर भगवान शिव को तुलसी और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित कर हरि-हर मिलन की परंपरा भी निभाई जाएगी। मंदिर के महंत 108 आशुतोष पुरी ने बताया कि अनुष्ठान के लिए अब तक करीब 200 दंपती पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बरेली, लखनऊ, रुड़की, देहरादून, हल्द्वानी, बेंगलुरु और चेन्नई के अलावा दो विदेशी दंपती भी शामिल हैं।
अनुष्ठान शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक पंजीकरण जारी रहेगा। मंदिर को विद्युत लाइटों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। चतुर्दशी तिथि 22 नवंबर की रात दो बजे से शुरू होकर 23 नवंबर रात 12 बजे तक रहेगी।
श्रीनगर का बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक रंगों से भी सराबोर रहेगा। इस बीच कमलेश्वर महादेव मंदिर की ऐतिहासिक धरोहर भी लोगों का ध्यान खींच रही है, जहां करीब 40 चरण पादुकाओं में महंत परंपरा की स्मृतियां संरक्षित हैं।

