घनसाली, टिहरी गढ़वाल – सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसने घनसाली की सियासत में भूचाल ला दिया है। वीडियो में जिला पंचायत सदस्य अनुज शाह और घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह एक ही मंच पर नजर आ रहे हैं।
मामला नैलचामी के होल्टा गांव का बताया जा रहा है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान विधायक शक्तिलाल शाह ने माइक से अचानक ऐलान कर दिया कि जिला पंचायत सदस्य अनुज शाह ने भाजपा जॉइन कर ली है।
वायरल वीडियो में विधायक शक्तिलाल शाह अनुज शाह को लाल फूलों की माला पहनाते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं – “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व और उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। इसके लिए मैं अपने अनुज शाह जी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।” इसके बाद मंच पर मौजूद समर्थक ‘शक्तिलाल शाह जिंदाबाद’ के नारे लगाते और तालियां बजाते दिख रहे हैं।
ट्विस्ट तब आया जब अनुज शाह ने किया इंकार
बता दें कि अनुज शाह ने कुछ दिन पहले ही उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) से त्यागपत्र दिया था, जिसके बाद से उनके भाजपा में जाने की अटकलें तेज थीं। लेकिन इस वायरल दावे पर खुद अनुज शाह ने ब्रेक लगा दिया।
पहाड़ी खबरनामा से फोन पर हुई बातचीत में अनुज शाह ने साफ कहा, “मैं भाजपा में शामिल नहीं हुआ हूं। न ही वो भाजपा की सदस्यता का कोई कार्यक्रम था। विधायक जी ने अचानक बिना मुझसे पूछे मंच से ये बात कह दी। वो सिर्फ एक मजाक था।”
घनसाली की जनता विधायक शक्तिलाल शाह को एक गंभीर जनप्रतिनिधि के तौर पर देखती है, लेकिन मंच से बिना सहमति के किसी दूसरे जनप्रतिनिधि की पार्टी जॉइनिंग का झूठा ऐलान कर देना, उनके पद की गरिमा पर सवाल खड़ा करता है। राजनीति में जॉइनिंग मंच से नहीं, विचार से होती है, और विचार पूछ कर लिया जाता है, थोप कर नहीं।
अगर ये वाकई मजाक था, तो एक विधायक को सोचना चाहिए कि सार्वजनिक मंच और विधानसभा के मंच में फर्क होता है। एक में हंसी आती है, दूसरे में हंसी उड़ती है।
अब सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई ये मंच का मजाक था या सियासी टेस्टिंग? क्योंकि कुछ दिन पहले ही अनुज शाह ने यूकेडी से इस्तीफा दिया है, जिसके बाद से तरह तरह के कयास लगाए जा रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज है कि एक जनप्रतिनिधि के राजनीतिक भविष्य का फैसला क्या अब मंच पर मजाक-मजाक में होने लगा है?
फिलहाल अनुज शाह ने साफ कर दिया है कि उन्होंने किसी भी पार्टी की सदस्यता नहीं ली है।

