हरिद्वार में IB अधिकारी पर फायरिंग, चालक ने चलाई गोली, पुलिस हिरासत में आरोपी


हरिद्वार: वीवीआईपी मूवमेंट के बीच हरिद्वार में शनिवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में एसपी के पद पर तैनात सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी। गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

नाराजगी बनी गोली चलाने की वजह

जानकारी के मुताबिक, घटना कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय में हुई। बताया जा रहा है कि एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से नाराजगी चल रही थी। इसी विवाद के चलते चालक ने गुस्से में आकर एसपी पर गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। गोली चलाने के पीछे की असली वजह और पूरी घटना की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी से पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

वीवीआईपी मूवमेंट के बीच हड़कंप

बता दें कि आज हरिद्वार में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, विधायक और सांसद पहुंचे थे।

ऐसे में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच इस फायरिंग की घटना से शहर में हड़कंप मच गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *