पौड़ी: 9वां बच्चा जन्मने के बाद महिला की हालत बिगड़ी, कुपोषण और मानसिक स्थिति खराब


पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड कल्जीखाल के एक गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 28 वर्षीय महिला ने नौवां प्रसव किया है, जिसके बाद उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला ने आठ बच्चों को घर पर ही बिना किसी चिकित्सकीय सहायता के जन्म दिया था।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) टीम ने बीते मंगलवार को महिला की स्वास्थ्य जांच की। जांच में पाया गया कि प्रसव के बाद महिला का स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है। वह कुपोषण से ग्रसित हो रही है और उसकी मानसिक हालत भी स्थिर नहीं है। उसे अपने बच्चों के नाम भी ठीक से याद नहीं हैं।

सीएचसी घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी मीनाक्षी वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि सही पोषाहार न मिलने से स्थिति बिगड़ रही है। पोषक तत्वों की कमी और शारीरिक कमजोरी के कारण महिला दर्द से कराह रही है। विभाग ने महिला को जरूरी दवाइयां और स्वयं के खर्चे पर पोषाहार उपलब्ध कराया है।

डीपीओ अरविंद कुमार ने बताया कि बाल कल्याण समिति की टीम ने महिला की दो बार काउंसलिंग की है। महिला के दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। आधार कार्ड बनाकर उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

वहीं, स्थिति की गंभीरता इसी बात से समझी जा सकती है कि महिला और उसके बच्चे एक ही कमरे में रह रहे हैं। धुएं और ठंड के कारण बच्चों को सर्दी-जुकाम हो गया है। बच्चों व महिला को खुले में शौच जाना पड़ रहा है, जिससे वन्यजीवों का खतरा भी बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !