घास लेने जा रहे दंपती पर बाघ ने किया हमला! चलती बाइक से गिरे पति-पत्नी, महिला को जबड़े में दबाकर जंगल में घसीटा


रामनगर, नैनीताल। रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घास लेने जा रहे दंपती की चलती बाइक पर बाघ ने हमला कर दिया और महिला को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा। पति के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।

जानकारी के अनुसार टेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ बाइक से मवेशियों के लिए घास लेने ग्रासलैंड क्षेत्र की ओर जा रही थीं। अचानक घात लगाए बैठे बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ ने बबली देवी के हाथ को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर खींचना शुरू कर दिया।

पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख पति ने जोर-जोर से शोर मचाया और हो-हल्ला किया। शोर सुनकर बाघ घबरा गया और महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि महिला की पीठ पर बाघ के पंजों के गहरे निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया है।

रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि घायल महिला का उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल के आसपास अकेले न जाएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !