देहरादून। जनपद टिहरी गढ़वाल के गूलर में हुई बस दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज एम्स (AIIMS) ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल और आरटीओ देहरादून को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत भी राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए और घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए।
गौरतलब है कि गूलर क्षेत्र में हुए बस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए हैं, जिनका उपचार एम्स में चल रहा है।

