टिहरी में बड़ा हादसा: गूलर के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 8 की मौत, 26 घायल


टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी के गूलर बाजार के समीप मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए।

तड़के 4:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को प्रातः लगभग 04:30 बजे हुआ। बस वाहन संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली जा रही थी। गूलर बाजार के समीप अचानक बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस पुल से नीचे खाई में जा गिरी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

SDRF ने चलाया सघन रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला एवं SDRF वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें मौके पर भेजी गईं।

देखिए पूरी वीडियो खबर

इसके बाद निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की टीमों ने विषम परिस्थितियों और दुर्गम भूभाग के बीच सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। स्थानीय पुलिस, स्थानीय लोगों और अन्य बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त रूप से बचाव कार्य किया गया।

26 घायलों को निकाला, 8 शव बरामद

रेस्क्यू के दौरान SDRF जवानों को बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जवानों ने कुल 26 घायलों को बस से बाहर निकालकर स्ट्रेचर की सहायता से दुर्गम मार्ग से रोड हेड तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से सभी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

वहीं इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में 8 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। SDRF जवानों ने मृतकों के शवों को भी बस से बाहर निकालकर रोड हेड तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

इसके बाद SDRF की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्चिंग भी की।

स्थानीय पुलिस, प्रशासन, अन्य बचाव एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये भी पढ़िये !